राजस्थान में विगत दिनों में 4 चरणों में पंचायती राज चुनाव संपन्न हो चुका है। जहां सरपंच चुनाव के नतीजे पहले ही घोषित हो चुके हैं अब पंचायत समिति सदस्यों तथा जिला परिषद सदस्यों का चुनाव परिणाम कल (20 नवंबर) को घोषित किया जाएगा। जिसकी तैयारी प्रत्येक जिला मुख्यालय पर चुनाव आयोग ने लगभग पूरी कर ली है। चुनाव परिणाम के लिए मतगणना कल सुबह 7 बजे से शुरू हो जाएगी। फिलहाल 37 जिलों का चुनाव परिणाम जारी होगा। शेष 5 जिलों का चुनाव परिणाम चुनाव आयोग ने दिसंबर में जारी करने का निर्णय लिया है। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के दिग्गज राजनेताओं की राजनैतिक शाख दांव पर है। वहीं दूसरी ओर रालोपा सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल भी कांग्रेस/बीजेपी का समीकरण बिगाड़ने में जुटे हैं। दोनों प्रमुख राजनीतिक दल अपनी जीत को लेकर दावें कर रहे हैं लेकिन गांव/ढाणी के अंतिम छोर पर बैठे लोगों में किसकी सरकार बनेगी ये फैसला तो चुनाव परिणाम आने के बाद ही होगा। इस चुनाव में अनेक वर्तमान विधायकों तथा पूर्व विधायकों के पुत्र और पुत्रियां चुनाव मैदान में जिसके चलते उनकी प्रतिष्ठा दांव पर है। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के राजेंद्र राठौड़ का पुत्र और बहू दोनों चुनावी मैदान में है।